दीपावली से पहले झिरौली पुलिस अलर्ट, ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश
Report- Vaishnavi
नशे की अवैध बिक्री, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और महिला-बाल सुरक्षा पर जोर, अपराध की सूचना 112 व साइबर ठगी की शिकायत 1930 पर देने की अपील
बागेश्वर। जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को सक्रिय करने के लिए थाना झिरौली पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को ग्राम प्रहरियों के साथ समन्वय गोष्ठी आयोजित की। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में थानाध्यक्ष मनोहर चन्द की अध्यक्षता में थाना परिसर में हुई बैठक में आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
गोष्ठी में ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने को कहा। साथ ही गांवों में बाहरी व्यक्तियों और मजदूरों को किराये पर रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन सुनिश्चित कराने में ग्रामीणों की मदद करने पर जोर दिया गया।
बैठक में बच्चों और महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा व अन्य अपराधों की रोकथाम को लेकर भी जागरूकता बढ़ाने की बात कही गई। ग्राम प्रहरियों को गौरा शक्ति ऐप और उत्तराखंड पुलिस ऐप की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी और फर्जी कॉल से बचाव के उपाय बताने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना तत्काल 112 पर देने और साइबर ठगी होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
झिरौली पुलिस ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम में ग्राम प्रहरियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पुलिस और ग्राम प्रहरियों के बीच बेहतर समन्वय से संदिग्ध गतिविधियों की समय पर जानकारी मिलने और प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।





Users Today : 70
Users Yesterday : 173
Users Last 7 days : 929