बागेश्वर में कम्युनिटी पुलिसिंग महाअभियान: बच्चों को साइबर सुरक्षा की सीख, बुजुर्गों का जाना हाल; गांवों में बांटे जागरूकता पंपलेट
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। बच्चों को सुरक्षित माहौल देने, महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस का कम्युनिटी पुलिसिंग महाअभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देशों पर शामा, बैजनाथ और कपकोट पुलिस ने विभिन्न विद्यालयों, गांवों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
शामा में बच्चों को सुरक्षित बचपन का संदेश
शामा पुलिस चौकी की टीम ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय शामा पनियाली में छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, यातायात नियमों, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। वहीं, शहीद जोहर सिंह कोश्यारी राजकीय इंटर कॉलेज, नामतीचिटाबगड़ में डिजिटल सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, संदिग्ध APK फाइल, केबीसी व लॉटरी के नाम पर ठगी, ओएलएक्स फ्रॉड और गेमिंग ऐप से जुड़े साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए।
पुलिस ने बाल यौन शोषण से संबंधित अवैध सामग्री के प्रति सतर्क करते हुए मानव तस्करी और महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी।

बैजनाथ पुलिस ने बुजुर्गों का जाना हाल
मासिक कार्यक्रम के तहत बैजनाथ पुलिस ने अपने बीट क्षेत्रों में पैदल गश्त और भ्रमण किया। इस दौरान अकेले और असहाय रह रहे बुजुर्गों के घर पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछी गई। पुलिसकर्मियों ने उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा की जानकारी लेते हुए आवश्यक सहायता का भरोसा दिलाया।
कपकोट के गांवों में जनसंवाद
कपकोट पुलिस ने सुदूरवर्ती ग्राम भानी, बड़ेत और रीठाबगड़ में गश्त कर ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं से संवाद किया। इस दौरान अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और कानूनी अधिकारों से संबंधित जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
अभियान के दौरान लोगों को साइबर वित्तीय ठगी की शिकायत के लिए 1930, नशे की तस्करी की सूचना के लिए 1933, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर की जानकारी दी गई। इसके साथ ही गौरा शक्ति ऐप और पब्लिक आई ऐप के उपयोग के बारे में भी बताया गया।
बागेश्वर पुलिस का यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।





Users Today : 20
Users Yesterday : 67
Users Last 7 days : 966