बागेश्वर में 3 नवंबर से सजेगा सरस मेला, 35 स्टॉलों पर दिखेगी ग्रामीण महिलाओं के हुनर की झलक
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से नुमाइशखेत मैदान में 3 से 5 नवंबर तक सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित इस मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने के साथ उनकी बिक्री भी करेंगी।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बताया कि मेले में कुल 35 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें उद्योग, कृषि एवं उद्यान विभाग, ग्रामोत्थान मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को बेहतर विपणन मंच उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों को पहचान दिलाना और आय के नए अवसर सृजित करना है।
मेले में उत्पादों की बिक्री के साथ लोक संस्कृति और पारंपरिक कला को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत लोकगीत, लोकनृत्य, मेहंदी और एपण प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरस मेला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे लखपति दीदी के लक्ष्य को भी गति मिलेगी।
मेले के दौरान बायर-सेलर मीट भी आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से महिला समूहों को संभावित खरीदारों से सीधे जुड़ने और अपने उत्पादों के विपणन के नए अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।





Users Today : 20
Users Yesterday : 67
Users Last 7 days : 966