बागेश्वर दोहरे हत्याकांड का खुलासा: चाचा-चाची की हत्या का आरोपी भतीजा गिरफ्तार, लोहे की रॉड बरामद
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव में बुजुर्ग दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे डायल 112 पर गांव में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना पर बैजनाथ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि गोविन्द बल्लभ खोलिया (52 वर्ष) ने अपने चाचा पूरन चन्द्र खोलिया (70 वर्ष) और चाची भगवती देवी (62 वर्ष) पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। ग्रामीणों की मदद से दोनों को सीएचसी बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में बैजनाथ, कौसानी, कपकोट, झिरौली पुलिस और एसओजी की टीमें गठित की गईं। फॉरेंसिक टीम अल्मोड़ा और बागेश्वर की यूनिट ने घटनास्थल का वैज्ञानिक एवं डिजिटल तरीके से निरीक्षण किया। मृतक के परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर बैजनाथ कोतवाली में एफआईआर संख्या 29/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 117(2), 333 और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने रातभर सर्च अभियान चलाया और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसके बाद 2 नवंबर 2026 को मिली सूचना के आधार पर आरोपी गोविन्द बल्लभ खोलिया को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी लोहे की रॉड बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में राजस्व क्षेत्र गागरीगोल में हत्या के प्रयास से संबंधित एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी और बरामद साक्ष्यों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी:
- निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ
- कैलाश सिंह बिष्ट, थानाध्यक्ष कौसानी
- प्रताप सिंह नगरकोटी, थानाध्यक्ष कपकोट
- मनोहर चन्द, थानाध्यक्ष झिरौली
- उपनिरीक्षक उमेश रजवार, बैजनाथ
- उपनिरीक्षक विनीता बिष्ट, बैजनाथ





Users Today : 355
Users Yesterday : 106
Users Last 7 days : 1105