दीपावली से पहले अलर्ट मोड में बागेश्वर फायर सर्विस, सरयू नदी में मॉक अभ्यास; बाजार से होटलों तक सघन चेकिंग
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस और फायर सर्विस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देशों के क्रम में अग्निशमन विभाग द्वारा अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक अभ्यास, निरीक्षण और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
सरयू नदी में फ्लोटिंग पंप का सफल परीक्षण
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम ने सरयू नदी में मॉक अभ्यास किया। इस दौरान नदी और तालाब जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी खींचने वाले फ्लोटिंग पंप की कार्यक्षमता और प्रेशर की जांच की गई। हौज पाइप में ब्रांच लगाकर किए गए परीक्षण में पंप सही ढंग से काम करता पाया गया।

मुख्य बाजार और सरयू तट पर आतिशबाजी दुकानों का निरीक्षण
दिनेश चंद्र पाठक और प्रशिक्षु एफएसएसओ सचिन सेमवाल ने मुख्य बाजार का निरीक्षण कर व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। व्यापारियों को अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए। मुख्य बाजार और रिहायशी क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित रखते हुए केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थलों पर ही बिक्री करने को कहा गया।
वहीं, सरयू नदी तट पर लगने वाली अस्थायी आतिशबाजी दुकानों का निरीक्षण कर दुकानदारों को पानी के ड्रम, बाल्टी और अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
गरुड़ में होटल, रेस्टोरेंट और पटाखा गोदामों की जांच
गरुड़ क्षेत्र में लीडिंग फायरमैन नागेंद्र प्रताप सिंह ने होटलों, रेस्टोरेंटों और पटाखा गोदामों का सघन अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया। संबंधित संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों को आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
फायर सर्विस ने दीपावली के दौरान आग से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया है।





Users Today : 179
Users Yesterday : 430
Users Last 7 days : 1186