डिजिटल ठगी से बचाव के लिए बागेश्वर पुलिस की पहल, छात्रों और ग्रामीणों को किया जागरूक
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बागेश्वर पुलिस का “साइबर जागरूकता 2.0” अभियान जारी है। अभियान के तहत कोतवाली कौसानी की पुलिस टीम ने ग्राम लौबांज और थाना कांडा की टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज दफोट में छात्र-छात्राओं व आमजन को साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड स्कैनिंग और बैंकिंग धोखाधड़ी के प्रति सतर्क किया गया। पुलिस ने समझाया कि ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है।

लोगों से अनजान कॉल, मैसेज और लिंक पर भरोसा न करने तथा डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर पैसे मांगने वालों से सावधान रहने की अपील की गई। साइबर वित्तीय ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल अपराधों, गौरा शक्ति ऐप, नशे के दुष्प्रभावों, यातायात नियमों और नए आपराधिक कानूनों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहकर दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।





Users Today : 5
Users Yesterday : 40
Users Last 7 days : 427