जनपद बागेश्वर में शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड और मासिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत परेड से हुई, जिसमें पुलिस जवानों की शारीरिक और मानसिक फिटनेस पर जोर दिया गया। इसके बाद कर्मचारी सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधीनस्थों की विभागीय, व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बेहतर कार्य प्रदर्शन करने वाले 11 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपराध गोष्ठी में एसपी ने जिले में हुए अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर बल दिया। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वे नशे के खिलाफ अभियान तेज करें, अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई करें, तथा आदतन अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कदम उठाएं।
साथ ही साइबर अपराध, सड़क दुर्घटनाओं और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में आईटीडीए मानकों के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उनकी स्थिति की नियमित जांच की जाए। वर्षा ऋतु को देखते हुए राहत और बचाव टीमों को हर समय तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए।
इस गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक अजय लाल साह, प्रतिसार निरीक्षक प्रताप सिंह नेगी सहित सभी थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाना रहा।





Users Today : 765
Users Yesterday : 1371
Users Last 7 days : 3562