भटखोला प्रधानाचार्य हत्याकांड: बागेश्वर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी प्रशासनिक अधिकारी गिरफ्तार
राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य की हत्या के मामले में बागेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना झिरौली क्षेत्र में 18 जुलाई 2026 को हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने मृतक पक्ष की तहरीर के आधार पर एफआईआर संख्या 10/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देश पर विवेचना पुलिस उपाधीक्षक कपकोट श्री मनीष शर्मा को सौंपी गई तथा फोरेंसिक टीम अल्मोड़ा को भी जांच में शामिल किया गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस, फोरेंसिक और डिजिटल जांच टीमों ने मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। सघन जांच और लगातार की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कॉलेज में ही नियुक्त प्रशासनिक अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया, जिसे हत्या का हथियार माना जा रहा है। इसके साथ ही घटनास्थल से अन्य फोरेंसिक और डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी से विस्तृत पूछताछ के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और नियमानुसार उसे माननीय न्यायालय बागेश्वर में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार अल्मोड़ा भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है और जांच के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
Tags: Bageshwar Police, Bhatkhola, Principal Murder Case, Uttarakhand News, Garur News, Crime News, Police Action, Breaking News, Mera Hak News





Users Today : 32
Users Yesterday : 135
Users Last 7 days : 407