गरूड़ के युवाओं के लिए बड़ी सौगात, अब विज्ञान की पढ़ाई का सपना होगा अपने क्षेत्र में पूरा
रिपोर्ट भगवत नेगी मेरा हक न्यूज
बागेश्वर जिले के गरुड़ क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बेहद प्रेरणादायक और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। लंबे समय से जिस मांग का इंतजार छात्र-छात्राएं और अभिभावक कर रहे थे, वह अब पूरी होती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई महत्वपूर्ण घोषणा के तहत राजकीय महाविद्यालय गरूड़ में विज्ञान संकाय को स्वीकृति देने की प्रक्रिया को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कर लिया गया है। इस खबर के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और जनप्रतिनिधियों से लेकर आम लोगों तक सभी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
जारी शासनादेश के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा उच्च शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि राजकीय महाविद्यालय गरूड़ में स्नातक स्तर पर विज्ञान संकाय के संचालन की स्वीकृति प्रदान की जाए। यह निर्णय उन हजारों विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आया है, जो अब तक विज्ञान विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूरदराज के शहरों की ओर जाने को मजबूर होते थे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस फैसले से खास तौर पर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। अब विद्यार्थियों को विज्ञान की पढ़ाई के लिए घर और परिवार छोड़कर बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे न केवल आर्थिक बोझ कम होगा बल्कि बेटियों की शिक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी। कई अभिभावकों ने इसे क्षेत्र के भविष्य को बदलने वाला निर्णय बताया है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है और विज्ञान संकाय की शुरुआत से गरूड़ क्षेत्र के युवाओं को डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा। आने वाले समय में यह फैसला क्षेत्र के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, प्रमुख गरूड़ किसन बोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गाड़िया, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहनी, दीपक खुल्बे, शारदा देवी, जिला महामंत्री भाजपा घनश्याम जोशी, मंडल अध्यक्ष सुनील दोसाद, डी.के. जोशी, दिनेश सिंह बिष्ट, हरीश रावत, मंगल राणा और रोहित पांडे सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लिया गया यह निर्णय केवल एक घोषणा नहीं बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि विज्ञान संकाय की स्वीकृति मिलने के बाद आने वाले वर्षों में गरूड़ शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा और यहां के युवा देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही महाविद्यालय में विज्ञान विषयों के लिए आवश्यक संसाधन, प्रयोगशालाएं और शिक्षकों की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। लोगों का कहना है कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को मजबूत बनाने वाला साबित होगा।





Users Today : 2
Users Yesterday : 38
Users Last 7 days : 524