शिक्षकों की बड़ी तैयारी! 22 जून को सचिवालय कूच को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प
मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है।
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के नेतृत्व में विभिन्न जनपदों के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीईटी प्रकरण तथा शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 22 जून 2026 को प्रस्तावित सचिवालय कूच और विशाल प्रदर्शन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित सभी जनपदों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया और विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश भर से हजारों शिक्षक इस कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय देंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा और शिक्षक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह प्रदर्शन निर्णायक साबित होगा।
बैठक में टिहरी गढ़वाल से जिला अध्यक्ष चंद्रवीर नेगी, उत्तरकाशी से जिला मंत्री जनक बिष्ट, अल्मोड़ा से जिला अध्यक्ष किशोर जोशी, देहरादून से जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र रावत, चमोली से दिगंबर नेगी, चंपावत से उत्तम भारतीय, जगदीश भंडारी, कृत्ति भट्ट, बागेश्वर से जिलाध्यक्ष दीपक रावत, जिला मंत्री नवीन चंद मिश्रा, करण सामंत, ब्लॉक अध्यक्ष गरुड़ सुंदर सिंह नेगी, कमल जोशी एवं सतीश चंद्र रमोला सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि 22 जून 2026 को सचिवालय में आयोजित होने वाले विशाल प्रदर्शन को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए सभी जनपदों में व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा अधिक से अधिक शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक समुदाय अपनी मांगों को लेकर पूरी मजबूती और एकता के साथ आगे बढ़ रहा है तथा प्रदेश के प्रत्येक जिले से बड़ी संख्या में शिक्षक इस आंदोलन में शामिल होंगे।
बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने शिक्षक एकता को मजबूत बनाने और टीईटी प्रकरण व पुरानी पेंशन बहाली सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में संयुक्त रूप से आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया। संगठन ने प्रदेश के सभी शिक्षकों से 22 जून को आयोजित सचिवालय कूच में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील भी की।





Users Today : 2
Users Yesterday : 439
Users Last 7 days : 480