
भारी वर्षा और भूस्खलन से प्रभावित ग्राम हरबाड का जिलाधिकारी ने किया दौरा
रिपोर्ट भगवत नेगी मेरा हक न्यूज गरुड़
बागेश्वर, 17 अगस्त 2025।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज तहसील बागेश्वर के ग्राम हरबाड का निरीक्षण कर आपदा प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत व पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
तहसील प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में भारी वर्षा और भूस्खलन से सात परिवारों के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र इन परिवारों को प्राथमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र और पंचायत घर में अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया गया है। प्रभावित परिवारों को पटवारी के माध्यम से राहत स्वरूप खाद्यान्न किट उपलब्ध कराई गई है।
भूस्खलन में एक आटा चक्की और एक दुकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है। इन परिवारों को भी प्रशासन की ओर से खाद्यान्न सामग्री वितरित की गई है। साथ ही, क्षेत्र की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसके त्वरित मरम्मत कार्य के निर्देश जिलाधिकारी ने जल संस्थान को दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राहत कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जाएं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन स्थिति पर पूरी नज़र रखे हुए है और किसी भी प्रभावित व्यक्ति को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, तहसीलदार निशा रानी, नायब तहसीलदार ऋतु गोस्वामी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल , जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





Users Today : 0
Users Yesterday : 14
Users Last 7 days : 249