Bhagwat Negi, मेरा हक न्यूज गरुड़

गरुड़, बागेश्वर। विकास खण्ड गरुड़ के अंतर्गत आने वाले पाए-गरुड़ मोटर मार्ग के सुधारीकरण, चौड़ीकरण और सोलिंग कार्य का शुभारंभ आज दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट द्वारा विधिवत पूजन के साथ किया गया। इस बहुप्रतीक्षित सड़क कार्य की शुरुआत से स्थानीय नागरिकों में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई है।
दर्जा राज्य मंत्री ने पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि यह मोटर मार्ग वर्षों से उपेक्षा का शिकार रहा है, जिसकी स्थिति जर्जर हो चुकी थी। सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि जनसामान्य को आवागमन में सुविधा हो, और विकास की मुख्यधारा से जुड़ाव मजबूत हो।
उन्होंने बताया कि इस मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण से न केवल गरुड़ बाजार, पाए व आसपास के गांवों को आपस में जोड़ने में सुविधा होगी, बल्कि स्कूली छात्र-छात्राओं, मरीजों, व्यापारियों और आम ग्रामीणों के लिए यह मार्ग जीवन रेखा साबित होगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ऊमा भट्ट, जिलामहामंत्री घनश्याम जोशी, जनप्रतिनिधि जनार्दन लोहनी, सुनीता आर्य, जे सी आर्य, सुनील दोसाद, रमेश जोशी, विनोद भट्ट एवं लक्ष्मीदत्त पांडे समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस विकास कार्य की शुरुआत पर हर्ष जताया और सरकार का आभार प्रकट किया।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिससे यह मार्ग आने वाले वर्षों में क्षेत्र के विकास को गति देने में सहायक सिद्ध हो।
यह मोटर मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि स्थानीय जीवनशैली, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को सशक्त करने वाला आधार है, जिसका महत्व अब और भी बढ़ गया है।
(रिपोर्ट: मेरा हक न्यूज़, गरुड़ से)





Users Today : 2
Users Yesterday : 127
Users Last 7 days : 258