धोली नाग महोत्सव में कांडा पुलिस की पहल, साइबर ठगी से लेकर नशे और यातायात नियमों तक किया जागरूक
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। प्रसिद्ध धोली नाग महोत्सव में कांडा पुलिस ने श्रद्धालुओं और आगंतुकों के बीच व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर साइबर अपराध, नशा उन्मूलन, यातायात नियमों और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। थानाध्यक्ष कांडा बलवन्त कम्बोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महोत्सव में पहुंचे लोगों को सुरक्षित रहने के उपाय बताए।
बढ़ते ऑनलाइन वित्तीय अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा न करने तथा OTP, बैंक खाता संख्या और ATM PIN किसी के साथ साझा न करने की अपील की। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
महोत्सव में मौजूद युवाओं और स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए मादक पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया। अवैध शराब या ड्रग्स की तस्करी की सूचना 1933 (मानस हेल्पलाइन) पर देने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

यातायात नियमों को लेकर वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, शराब के नशे में वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन न देने की हिदायत दी गई। आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112 नंबर की जानकारी भी दी गई।
महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए उत्तराखंड पुलिस ऐप की गौरा शक्ति ऐप की उपयोगिता बताई गई। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में महिला हेल्पलाइन 1090 का इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य महोत्सव में आने वाले लोगों को अपराध और नशे से बचाव के साथ सुरक्षित यातायात व महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।





Users Today : 35
Users Yesterday : 103
Users Last 7 days : 664