रिपोर्ट भगवत नेगी, मेरा हक न्यूज़
आज की खबर गरुड़ क्षेत्र से है, जहां हिन्दी दिवस इस बार एक भावुक याद के साथ जुड़ने वाला है। सेंट एडम्स पब्लिक स्कूल अयारतोली में 13 सितम्बर 2025 को हिन्दी दिवस की पूर्व बेला में महत्वपूर्ण आयोजन दिवंगत शिक्षिका मंजू जोशी की स्मृति में किया जाएगा।

मंजू जोशी, जिन्होंने वर्षों तक इसी विद्यालय में हिन्दी पढ़ाकर बच्चों को भाषा से जोड़ने में विशेष योगदान दिया।आज भले ही वो हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें और उनका योगदान विद्यालय की हर दीवार में दर्ज है। हिन्दी को सम्मान दिलाने और विद्यार्थियों को इस भाषा के महत्व को समझाने में उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वाह्न 11 बजे दीप प्रज्वलन और स्वागत के साथ होगी। इसके बाद मंजू जोशी के व्यक्तित्व पर विशेष उद्बोधन होगा, जिसमें उनके शिक्षकीय जीवन और योगदान को याद किया जाएगा। हिन्दी भाषा के उत्थान पर व्याख्यान, विचार विमर्श, खुला मंच और अंत में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान इस आयोजन को और भी खास बनाएंगे।
इस वर्ष सीबीएसई परीक्षा 2024-25 में हिन्दी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों – रूद्राक्ष बिष्ट, नितिन सिंह भंडारी, स्मृति फर्स्वान और प्रेरणा आर्य – को “मंजू जोशी स्मृति हिन्दी विषय मेधावी विद्यार्थी सम्मान 2025” से सम्मानित किया जाएगा। ये वही बच्चे हैं जिनमें कभी मंजू जोशी जैसी शिक्षिकाओं ने हिन्दी के प्रति प्रेम और समर्पण का बीज बोया था।
व्याख्यान “वैश्विक परिप्रेक्ष्य में हिन्दी भाषा” विषय पर डॉ. गोपाल कृष्ण जोशी देंगे और समीक्षा श्री मोहन जोशी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गणेश दत्त भट्ट करेंगे।
*इस शैक्षिक महत्व के कार्यक्रम का आयोजन दिवंगत शिक्षिका मंजू जोशी के परिजनों और सेंट एडम्स विद्यालय परिवार द्वारा किया जा रहा है।*
यह आयोजन सिर्फ हिन्दी दिवस नहीं, बल्कि एक समर्पित शिक्षिका को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह संदेश है कि मंजू जोशी जैसी हस्तियां भले ही देह रूप में हमारे बीच न रहें, लेकिन उनका शिक्षण, उनके संस्कार और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों तक अमर रहेगा।
मेरा हक न्यूज़ की ओर से स्व. मंजू जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि और सभी सम्मानित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई।





Users Today : 124
Users Yesterday : 71
Users Last 7 days : 302