नंदा राजजात यात्रा 2026 की तैयारी हुई शुरू, जिला स्तर पर बनी रणनीति
मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है। आगामी वर्ष 2026 में होने वाली नंदा राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला सभागार बागेश्वर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने की। इस दौरान यात्रा मार्ग और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में बताया गया कि नंदा राजजात यात्रा जनपद बागेश्वर के सिरकोट, बदियाकोट से कुवांरी और सोराग से बोरबलड़ा क्षेत्र से होकर गुजरेगी। जिले में कुल चार पड़ाव निर्धारित किए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए निर्देश दिए कि यात्रा से संबंधित सभी प्रस्ताव और योजनाएँ एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाएं।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ तालमेल और विभागीय समन्वय के जरिए ही यात्रा का सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सकता है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बैठक में डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया, एडीएम एनएस नबियाल, डीडीओ संगीता आर्या, जिला परियोजना निर्देशक शिल्पी पंत, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी और अनिल सिंह रावत मौजूद रहे। साथ ही वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, ऊर्जा निगम, स्वास्थ्य विभाग और पर्यटन विभाग सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए।
नंदा राजजात यात्रा की इस बैठक ने साफ कर दिया है कि प्रशासन और सभी विभाग पूरी सजगता और तत्परता के साथ इस भव्य यात्रा को यादगार और ऐतिहासिक बनाने की दिशा में जुट चुके हैं।





Users Today : 119
Users Yesterday : 71
Users Last 7 days : 297