Home » उत्तराखंड » बागेश्वर न्यूज़ » कोट भ्रामरी मंदिर मेले की तैयारियां तेज, 17 से 19 सितंबर तक होगा आयोजन

कोट भ्रामरी मंदिर मेले की तैयारियां तेज, 17 से 19 सितंबर तक होगा आयोजन

Spread the love

कोट भ्रामरी मंदिर मेले की तैयारियां तेज, 17 से 19 सितंबर तक होगा आयोजन

REPORT- VAISHNAVI

दूसरी महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा, यातायात, पार्किंग, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

गरुड़। प्रसिद्ध कोट भ्रामरी मंदिर मेले के आयोजन को लेकर प्रशासन और मेला समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर दूसरी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं मेला समिति के पदाधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की।

इस वर्ष कोट भ्रामरी मंदिर का मेला 17, 18 और 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। बैठक में मेलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल, मेला अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, तहसीलदार निशा रानी, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मेला समिति से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन सुनील दोसाद ने किया।

बैठक में सभी संबंधित विभागों से मेले को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गई। लोक निर्माण विभाग को 10 से 15 सितंबर तक मेले से जुड़े मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं वाहनों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

विद्युत व्यवस्था को लेकर एसडीओ खोलिया एवं राजेंद्र बोरा ने विभागीय तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने मेले के दौरान विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने की बात कही।

वहीं पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को लेकर कोतवाल कैलाश नेगी से चर्चा की गई। उन्होंने मेले के दौरान बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण एवं वाहनों के संचालन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष कुंदन भंडारी ने भी पार्किंग से जुड़ी समस्याओं को बैठक में रखा।

स्वच्छता एवं शौचालय व्यवस्था को लेकर जिला पंचायत, नगर पंचायत गरुड़ एवं संबंधित विभागों के साथ चर्चा की गई। नगर पंचायत को 15 सितंबर से विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं जीआरईएफ (ग्रीफ) से झाड़ियों की कटान एवं सफाई व्यवस्था को लेकर भी जानकारी ली गई।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के तहत मेले में आयुष्मान स्टॉल लगाए जाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा जल निगम, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से भी मेले को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गई।

बैठक में पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि मेले में आने वाले बाहरी व्यापारियों का सत्यापन मेला शुरू होने से तीन दिन पहले किया जाएगा। इससे मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में मदद मिलेगी।

आगामी 8 सितंबर को कोट भ्रामरी मंदिर परिसर में एक और बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि मेले की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक सुझाव एवं समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक के अंत में हिमालय बचाओ अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

मेला समिति के कोषाध्यक्ष रमेश जोशी ने आय-व्यय का विवरण भी बैठक में प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में मेले के आयोजन में लगभग 3 लाख 83 हजार रुपये खर्च हुए। वहीं वर्ष 2025 में लगभग 2 लाख 99 हजार 900 रुपये की आय तथा करीब 3 लाख 75 हजार रुपये का व्यय दर्ज किया गया।

प्रशासन एवं मेला समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, विद्युत एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Mera Hak News हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

और खबरें

Our Visitor

0 5 1 8 5 6
Users Today : 91
Users Yesterday : 85
Users Last 7 days : 1680

Rashifal