नगर पंचायत की विशेष बैठक में उठीं जनता की समस्याएं, विभागों को दिए गए सख्त निर्देश
मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है। आज नगर क्षेत्र की जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत कार्यालय में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। एक जुलाई 2025 को हुई इस बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा ने की, जिसमें नगर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस विभागीय बैठक में सभी सभासदों की उपस्थिति रही, जिससे साफ है कि नगर के विकास और जनता की आवश्यकताओं को लेकर सभी जनप्रतिनिधि गंभीर हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी शिरकत की। सिंचाई विभाग से अवर अभियंता प्रकाश पुनेठा, जल निगम से सहायक अवर अभियंता अंजलि नेगी और पेयजल निगम से जूनियर इंजीनियर संदीप कुमार बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में नगर क्षेत्र की सबसे प्रमुख समस्याओं जैसे नहरों की जर्जर स्थिति, जलापूर्ति में बाधाएं और नालियों में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइनों को लेकर गंभीर चर्चा हुई। सिंचाई विभाग से नहरों के जीर्णोद्धार के लिए तत्काल प्रस्ताव मांगे गए, जबकि जल निगम और पेयजल निगम से नालियों से पाइप हटाने, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने और पानी न आने की समस्या के स्थायी समाधान हेतु ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा गया।
अध्यक्ष भावना वर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं को टालने की बजाय प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्यवाही की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता को हर दिन जिन मूलभूत सुविधाओं का सामना करना पड़ता है, उनका समाधान जल्द से जल्द किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
नगर पंचायत की यह बैठक इस बात का संकेत है कि स्थानीय प्रशासन अब जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य कर रहा है और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान खोजने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में इन निर्देशों पर की गई कार्यवाही को लेकर भी जनता की निगाहें नगर पंचायत और विभागों पर टिकी रहेंगी।





Users Today : 121
Users Yesterday : 71
Users Last 7 days : 299