गरुड़ के नर्गवाड़ी गांव में दोहरी हत्या से सनसनी, चाचा-चाची की हत्या के आरोप में भतीजा गिरफ्तार
Report- Vaishnavi
बीच-बचाव करने पहुंची बहू भी गंभीर रूप से घायल; कौसानी पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
बागेश्वर। गरुड़ क्षेत्र के नर्गवाड़ी गांव में चाचा-चाची की हत्या की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार देर रात हुई इस घटना में भतीजे गोविंद बल्लभ खोलिया पर अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58) और चाची भगवती देवी (54) पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप है। घटना में बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहू दर्शनी खोलिया भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, हमले में घायल तीनों लोगों को बैजनाथ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र खोलिया और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल दर्शनी खोलिया का उपचार किया जा रहा है।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की थीं। ताजा जानकारी के अनुसार, कौसानी पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उपनिरीक्षक महेश चंद्र और विनिता बिष्ट ने दोनों मृतकों के पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेज दिया गया।
इस घटना के बाद नर्गवाड़ी गांव सहित पूरे गरुड़ क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही परिवार में हुई इस दुखद घटना से लोग स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हमारी न्यूज, मेरा हक की ओर से दिवंगत दंपती को भावभीनी श्रद्धांजलि तथा घायल महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।





Users Today : 298
Users Yesterday : 106
Users Last 7 days : 1048