एसपी बागेश्वर ने मासिक अपराध गोष्ठी में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
REPORT- VAISHNAVI
पुलिस लाइन मालता में आयोजित गोष्ठी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं की हुई समीक्षा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 पुलिसकर्मी सम्मानित
बागेश्वर, 07 सितंबर 2026। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) ने सोमवार को पुलिस लाइन मालता बागेश्वर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना/चौकी एवं शाखा प्रभारियों तथा पुलिस कार्मिकों के साथ सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान उन्होंने जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गोष्ठी से पूर्व पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सैनिक सम्मेलन लेकर उनकी विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली। समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

अपराधों के निस्तारण और लंबित विवेचनाओं पर जोर
मासिक अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने सभी थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को थानों में दर्ज अपराधों, अभियुक्तों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई तथा लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचकों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने तथा लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा।
डायल-112 पर प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित रिस्पॉन्स देने और रिस्पॉन्स टाइम को न्यूनतम रखने के भी निर्देश दिए गए।
सत्यापन एवं साइबर अपराध रोकथाम पर विशेष ध्यान
पुलिस अधीक्षक ने बीट अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने तथा महिला सुरक्षा से संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। MRM एवं GRM पोर्टल की जानकारी देते हुए इनके अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। थाना प्रभारियों को स्कूल, कॉलेज एवं आम जनता के बीच साइबर ठगी तथा अन्य अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
सक्रिय अपराधियों एवं नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई
एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की निरंतर निगरानी करने तथा सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध शराब की तस्करी/बिक्री करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
वर्तमान में संचालित ऑपरेशन प्रहार एवं ऑपरेशन लगाम के तहत मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अभियुक्तों के बैकवर्ड एवं फारवर्ड लिंकेज का पता लगाकर उनके विरुद्ध गुंडा/गैंगस्टर एक्ट एवं PIT NDPS Act के तहत कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए।

पुलिस मुख्यालय के अभियानों का शत-प्रतिशत पालन
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश-निर्देशों एवं प्रचलित अभियानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। कुमाऊं परिक्षेत्र स्तर से कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर प्रतिदिन प्रस्तावित कार्यों एवं बिंदुओं पर भी पूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने JMIS, CRIMAC, CEIR एवं NATGRID जैसे पोर्टलों का अधिकतम उपयोग कर सूचनाओं के बेहतर समन्वय एवं प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही सोशल मीडिया की सतत निगरानी कर भ्रामक, आपत्तिजनक एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली पोस्टों पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वारंट तामील और यातायात व्यवस्था की समीक्षा
एसपी ने NBW/BW वारंटों की शत-प्रतिशत तामील, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण एवं विवेचनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, वाहन चेकिंग एवं ई-चालान की कार्रवाई बढ़ाने को भी कहा गया।
केस ऑफिसर स्कीम का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
मानसून सीजन में 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश
वर्तमान मानसून सीजन को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की आपदा संबंधी सूचना प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा उच्चाधिकारियों को समय से अवगत कराने को कहा गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 पुलिसकर्मी सम्मानित
माह अगस्त में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 21 पुलिस कार्मिकों को पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एसपी ने पुलिस कार्मिकों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर, पुलिस उपाधीक्षक कपकोट सहित जनपद के समस्त थाना/चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।





Users Today : 51
Users Yesterday : 85
Users Last 7 days : 1640