एसपी की सख्ती, पुलिस की मुस्तैदी – शांतिपूर्ण मतदान के लिए बागेश्वर पुलिस मैदान में उतरी पूरी ताकत के साथ
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ डटी हुई है। इसी कड़ी में आज पुलिस अधीक्षक बागेश्वर चंद्रशेखर घोडके ने सुदूरवर्ती मतदान केंद्रों तक पहुँचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जमीन पर खुद पहुंचे एसपी बागेश्वर
एसपी चंद्रशेखर घोडके ने कपकोट ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय फरसाली पल्ली, प्राथमिक विद्यालय फरसाली वल्ली, प्राथमिक विद्यालय मल्लादेश और बागेश्वर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय द्यागण में बनाए गए मतदान बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों की संवेदनशीलता के आधार पर पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की और सुरक्षा व्यवस्था को और भी चाकचौबंद बनाने के निर्देश दिए।
हर बूथ पर सुरक्षा की पैनी नजर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने संबंधित सुरक्षा कर्मियों को ड्यूटी से जुड़े आवश्यक निर्देश देते हुए उन्हें सचेत, सतर्क और अनुशासित रहने को कहा। खास तौर पर महिला मतदाताओं, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए कहा गया। मतदान स्थलों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगे, इसके लिए भी निर्देश जारी किए गए।
बागेश्वर ब्लॉक में भी पुलिस की सतर्क निगाहें
बागेश्वर क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह ने किया। उन्होंने रा.प्रा.वि. रवाईखाल, अमसरकोट, कमेडी, द्यागड़, बहुली और रा.इ.का. रवाईखाल का दौरा कर पुलिस व्यवस्था की समीक्षा की और प्रत्येक बूथ पर उपस्थित पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि वे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करें।
कपकोट ब्लॉक में डीएसपी मनीष शर्मा की निगरानी
कपकोट ब्लॉक के मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा ने अंसो, लिती, शामा, गोलना, हरसीला, राति केठी, जूनियर हाईस्कूल रैथल और रा.इ.का. शामा में तैनात पुलिस बल से मिलकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रों की सुरक्षा, पुलिस व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी की।
हर स्तर पर कड़ी निगरानी, हर दिशा से सुरक्षा
बागेश्वर जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। संबंधित थानाध्यक्ष, जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्रीय भ्रमण पर हैं। पुलिस बल मतदान केंद्रों पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है। इस समय पूरे जनपद में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित रूप से जारी है।
पुलिस प्रशासन की जनता से अपील
बागेश्वर पुलिस ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय और दबाव के लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लें। यदि कहीं कोई अनुचित गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिले तो उसे तुरंत नजदीकी पुलिस अधिकारी या प्रशासन को सूचित करें।
बागेश्वर पुलिस का संदेश साफ है – निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव ही लोकतंत्र की असली पहचान है।





Users Today : 1
Users Yesterday : 14
Users Last 7 days : 788