कोट भ्रामरी मेले में सुरक्षा का कड़ा पहरा, बैजनाथ पुलिस ने तैयार किया प्लान; हुड़दंगियों और जेबकतरों पर रहेगी पैनी नजर
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। आगामी ऐतिहासिक कोट भ्रामरी मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बैजनाथ पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 16 सितंबर 2026 को कोतवाली बैजनाथ परिसर में प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर मेले की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में मंदिर परिसर, मेला स्थल और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और जेबकतरों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों की तैनाती भी की जाएगी।
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है। पुलिस ने रूट प्लान तैयार करने और वाहनों की निर्धारित स्थानों पर ही व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
पुलिस कर्मियों को महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए। वहीं शराब पीकर हुड़दंग करने, शांति व्यवस्था भंग करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में प्रभारी निरीक्षक ने सभी पुलिस कर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए, ताकि कोट भ्रामरी मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।





Users Today : 39
Users Yesterday : 103
Users Last 7 days : 668