बुजुर्गों की कुशलक्षेम पूछने पहुंची बागेश्वर पुलिस, साइबर ठगी और नशे के खिलाफ किया जागरूक
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। आमजन और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बागेश्वर पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए कौसानी, बैजनाथ और रीमा क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर पुलिस टीमों ने क्षेत्र में भ्रमण कर बुजुर्गों और अकेले रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
कोतवाली कौसानी, कोतवाली बैजनाथ और चौकी रीमा पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से संवाद किया। इस दौरान लोगों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

महिला सुरक्षा को लेकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों तथा आपात स्थिति में ‘गौरा शक्ति’ ऐप और हेल्पलाइन नंबर 1090 की उपयोगिता के बारे में बताया गया। वहीं ‘नशा मुक्त उत्तराखण्ड’ अभियान के तहत छात्रों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नेशनल नारकोटिक हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी दी गई।
पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस लगातार उनके संपर्क में रहेगी।





Users Today : 11
Users Yesterday : 60
Users Last 7 days : 586