स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर बागेश्वर पुलिस की नजर; बसों और वैन की हुई सघन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन और स्कूल वाहनों में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए बागेश्वर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। 21 सितंबर को निरीक्षक यातायात अय्यूब अली के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस टीम ने जनपद के प्रमुख मार्गों और स्कूल परिसरों के आसपास स्कूली बसों एवं वैन की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
स्कूल वाहनों में परखे गए सुरक्षा मानक
चेकिंग के दौरान स्कूली वाहनों को रोककर माननीय सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइंस और मोटर वाहन अधिनियम के तहत निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की गई। पुलिस टीम ने वाहनों में फर्स्ट-एड बॉक्स, कार्यशील अग्निशामक यंत्र, खिड़कियों में सुरक्षा ग्रिल और आपातकालीन निकास की स्थिति परखी।
इसके साथ ही वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र और चालकों के वैध कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की गई। बच्चों की सुरक्षा के लिए वाहनों में लगे स्पीड गवर्नर की कार्यप्रणाली भी देखी गई।
ओवरलोडिंग और लापरवाही पर सख्त चेतावनी
निरीक्षक यातायात ने स्कूल वाहन चालकों और परिचालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में न बैठाने के निर्देश दिए। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने और बच्चों को सुरक्षित तरीके से बस में चढ़ाने-उतारने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब के नशे में या लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के साथ वाहन सीज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

स्कूल प्रबंधन और बच्चों को भी किया जागरूक
चेकिंग अभियान के दौरान स्कूल प्रबंधन, वाहन चालकों और छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए वाहन चालक, परिचालक, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
बागेश्वर पुलिस ने बताया कि स्कूली वाहनों की चेकिंग और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि बच्चों के सुरक्षित और सुगम आवागमन को सुनिश्चित किया जा सके।





Users Today : 15
Users Yesterday : 135
Users Last 7 days : 597