स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बागेश्वर पुलिस सख्त, ओवरलोड स्कूली वाहन का कोर्ट चालान; स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था जांची
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने को लेकर बागेश्वर पुलिस ने बुधवार को जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में निरीक्षक यातायात अय्यूब अली के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस टीम ने विभिन्न स्कूल परिसरों के बाहर और प्रमुख मार्गों पर स्कूली बसों एवं वैनों की जांच कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
चेकिंग के दौरान स्कूली वाहनों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान स्कूली बस संख्या UK02PA0041 में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे बैठे पाए गए। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने वाहन का माननीय न्यायालय का चालान किया।
निरीक्षक यातायात ने स्कूल वाहन चालकों और परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन में न बैठाया जाए। वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करने, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने तथा बच्चों को वाहन में चढ़ाते और उतारते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने चालकों को चेतावनी दी कि शराब के नशे में अथवा लापरवाही से वाहन चलाते पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण और वाहन सीज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

स्कूल प्रबंधन और बच्चों को भी किया जागरूक
चेकिंग अभियान के दौरान स्कूल प्रबंधन, वाहन चालकों, परिचालकों और छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि स्कूली वाहनों में सुरक्षा नियमों का पालन बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है और छोटी सी लापरवाही भी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली वाहनों की चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि जनपद में स्कूली बच्चों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को सुनिश्चित किया जा सके।





Users Today : 4
Users Yesterday : 69
Users Last 7 days : 551