गोमती नदी के तट पर घायल बछड़ा फंसा, बागेश्वर की फायर रेस्क्यू टीम ने कंधों पर उठाकर बचाई जान
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। मानवता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए बागेश्वर की फायर रेस्क्यू टीम ने गोमती नदी के तट पर घायल अवस्था में फंसे एक बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाला। टीम ने दुर्गम रास्ते की चुनौती के बीच अस्थायी स्ट्रेचर तैयार कर बछड़े को मुख्य सड़क तक पहुंचाया और उपचार के लिए स्थानीय गौ संरक्षक को सौंप दिया।
घटना 13 अक्टूबर 2026 की है। फायर स्टेशन बागेश्वर को सूचना मिली कि नदीगांव से आगे गोमती नदी के तट पर एक बछड़ा घायल अवस्था में पड़ा है और चलने में असमर्थ है। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में फायर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।

बछड़े की गंभीर स्थिति और दुर्गम रास्ते को देखते हुए जवानों ने उपलब्ध दो मजबूत लकड़ियों की मदद से अस्थायी स्ट्रेचर बनाया। इसके बाद घायल बछड़े को सावधानीपूर्वक स्ट्रेचर पर सुरक्षित बांधकर अपने कंधों के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
रेस्क्यू के बाद बछड़े को स्थानीय गौ संरक्षक रवि रस्तोगी के सुपुर्द किया गया, ताकि उसका उचित उपचार कराया जा सके।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशानुसार अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट रखने के क्रम में की गई इस कार्रवाई ने पशु के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना का उदाहरण पेश किया।





Users Today : 3
Users Yesterday : 96
Users Last 7 days : 453