गांधी जयंती पर कलेक्ट्रेट में गूंजे भजन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट समेत जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजनों एवं कीर्तन का आयोजन हुआ। ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता और अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई।

जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए सभी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, कोषाधिकारी आकाश रघुवंशी समेत कलेक्ट्रेट परिसर के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिले के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी गांधी और शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया गया।





Users Today : 3
Users Yesterday : 146
Users Last 7 days : 995