कौसानी में पर्यटक क्यों बढ़ा रहे ठहराव? होटल एसोसिएशन अध्यक्ष ने बताई वजह
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। पर्यटन नगरी कौसानी में पर्यटकों के बढ़ते ठहराव को लेकर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने अहम जानकारी साझा की। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि कई पर्यटक कौसानी में शुरुआत में केवल दो दिन रुकने की योजना बनाकर आते हैं, लेकिन यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और आसपास के पर्यटन स्थलों से प्रभावित होकर अपना ठहराव बढ़ा देते हैं।
गजेंद्र मेहरा के अनुसार, कौसानी की खास पहचान हिमालय के मनमोहक दृश्यों, शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य से है। यही कारण है कि यहां पहुंचने वाले पर्यटकों का अनुभव उनकी तय यात्रा अवधि को बढ़ाने का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को और गति देने के लिए स्वच्छता और बेहतर वातावरण बनाए रखना बेहद जरूरी है।
इसी उद्देश्य से कौसानी होटल एसोसिएशन की ओर से 1 अक्टूबर को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र में साफ-सफाई कर लोगों और पर्यटकों को कौसानी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया।

वहीं 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अनासक्ति आश्रम में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें स्कूली बच्चों ने भी प्रतिभाग किया और दोनों महापुरुषों के जीवन एवं विचारों को याद किया।
कार्यक्रम में गांधी समर्थक निधि की कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह बिष्ट, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। होटल एसोसिएशन ने पर्यटन के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया।





Users Today : 3
Users Yesterday : 146
Users Last 7 days : 995