सेवा संकल्प अभियान में स्वास्थ्य से स्वच्छता तक पहल, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के जरिए आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ स्थानीय उत्पादों के उपयोग और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
जिला उद्योग केंद्र की ओर से स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ताम्र उत्पाद, थुलमा एवं ऊनी उत्पाद, हस्तशिल्प और काष्ठ उत्पाद सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों और आमजन को स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को अपनाने तथा इनके उपयोग को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई।

राजकीय वृद्ध एवं असशक्त आवास गृह में होम्योपैथिक विभाग की ओर से स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में 31 लाभार्थियों के हीमोग्लोबिन और रक्तचाप की जांच की गई। जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य परामर्श देने के साथ निःशुल्क होम्योपैथिक दवाएं वितरित की गईं। जिले के विभिन्न होम्योपैथिक चिकित्सालयों में स्वच्छता अभियान, गोष्ठी, पुष्पांजलि और रंगोली कार्यक्रम भी हुए।
पंचायती राज विभाग ने सरयू बगड़ में स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

वहीं बाल विकास विभाग की ओर से पोषण माह, सेवा संकल्प अभियान और ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम के तहत बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट के आंगनबाड़ी केंद्रों व वन स्टॉप सेंटर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार और लोगों तक पहुंचाने, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पोषण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।





Users Today : 3
Users Yesterday : 146
Users Last 7 days : 995