स्वरयोगिनी डॉ. प्रभा अत्रे की जयंती पर पिथौरागढ़ में संगीत छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ, नवंबर में मिलेगा सम्मान
Report- Vaishnavi
पिथौरागढ़, 13 सितंबर। किराना घराने की प्रसिद्ध गायिका स्वरयोगिनी पद्मविभूषण डॉ. प्रभा अत्रे की जयंती के अवसर पर पिथौरागढ़ में संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए नई छात्रवृत्ति योजना शुरू की गई। लोक विरासत जनजातीय एवं लोक कला समिति, पिथौरागढ़ और हिंदुस्तानी क्लासिकल परफॉर्मिंग आर्ट्स डिवीजन के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वरयोगिनी पद्मविभूषण डॉ. प्रभा अत्रे संगीत प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना’ का शुभारंभ किया गया।
संस्था की निदेशक डॉ. पूजा पाण्डेय पुनेठा ने बताया कि छात्रवृत्ति हर वर्ष डॉ. प्रभा अत्रे की जयंती पर संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रदान की जाएगी। योजना के तहत दो अलग-अलग श्रेणियों में एक-एक मेधावी विद्यार्थी का चयन कर उन्हें सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा।
योजना का लाभ विशेष रूप से पिथौरागढ़ जिले के सरकारी विद्यालयों और महाविद्यालयों में अध्ययनरत संगीत के छात्र-छात्राओं को मिलेगा। उपनिदेशक डॉ. रमा खर्कवाल भट्ट ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई प्रतिभावान विद्यार्थी संगीत की शिक्षा आगे नहीं बढ़ा पाते। छात्रवृत्ति का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देकर उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाना है।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष पीयूष धामी ने बताया कि योजना का व्यापक प्रचार मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिलाधिकारी के माध्यम से कराया जाएगा। प्राप्त आवेदनों की जांच विशेषज्ञ निर्णायक समिति द्वारा की जाएगी और विद्यार्थियों की प्रतिभा के आधार पर पारदर्शी प्रक्रिया से चयन होगा। नवंबर के प्रथम सप्ताह में आयोजित कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान पिथौरागढ़ सहित पूरे उत्तराखंड की लोक कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।





Users Today : 2
Users Yesterday : 84
Users Last 7 days : 647