अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में इंटर कॉलेज घिंघारतोला में आयोजित हुई “पुलिस की पाठशाला”
REPORT- VAISHNAVI
छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, नशे के दुष्परिणाम एवं यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों के क्रम में बुधवार, दिनांक 09 सितंबर 2026 को अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में इंटर कॉलेज घिंघारतोला में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर श्री अजय शाह की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, नशे के दुष्परिणाम, महिला एवं बाल अपराध तथा यातायात नियमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि OTP, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल अपराधों के प्रति भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। उत्तराखंड पुलिस एप के अंतर्गत महिला सुरक्षा के लिए उपलब्ध गौरा शक्ति एप के संबंध में जानकारी देते हुए इसके उपयोग के बारे में बताया गया।
वहीं, विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि जागरूकता एवं सावधानी ही साइबर अपराध, नशे और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।





Users Today : 70
Users Yesterday : 138
Users Last 7 days : 954