कोट भ्रामरी मेले में सुरक्षा का कड़ा पहरा, सीओ ने पुलिस बल को किया ब्रीफ; संवेदनशील स्थानों पर रहेगी पैनी नजर
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। बैजनाथ-गरुड़ क्षेत्र में 17 से 19 सितंबर तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मां कोट भ्रामरी मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मेले में कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 17 सितंबर को पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय साह ने मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग की।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपाधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तरह अनुशासित, सतर्क और मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता है। शांति व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग या महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मेले में जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात व्यवस्था, बैरियर ड्यूटी और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग पर विशेष जोर दिया गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन, इंटेलिजेंस और संचार तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस कर्मियों को सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
ब्रीफिंग के बाद पुलिस उपाधीक्षक अजय साह के नेतृत्व में पुलिस बल ने मेला क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान ड्यूटी प्वाइंट निर्धारित कर पुलिस कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। मौके पर प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ कैलाश सिंह नेगी, चौकी प्रभारी डंगोली सहित मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी, महिला पुलिस कर्मी और जवान मौजूद रहे।





Users Today : 35
Users Yesterday : 103
Users Last 7 days : 664