गांव-गांव पहुंची कौसानी-बैजनाथ पुलिस, बुजुर्गों का जाना हाल, महिलाओं को गौरा शक्ति ऐप की दी जानकारी
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर जनपद पुलिस की बीट भ्रमण पहल के तहत कोतवाली कौसानी और कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने ग्रामीण व सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस टीम ने गांव-गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों और वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी।
अभियान के दौरान पुलिस ने अकेले रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए पुलिस तत्पर है।
बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के मामलों को लेकर ग्रामीणों व बुजुर्गों को जागरूक किया गया। पुलिस ने अनजान कॉल पर OTP, बैंक खाता संख्या, ATM PIN जैसी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा के लिए गौरा शक्ति ऐप की जानकारी दी गई और कई महिलाओं से ऐप डाउनलोड कराया गया। साथ ही आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन 1090 और 112 के उपयोग के बारे में बताया गया।
युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा तस्करी की सूचना नेशनल नारकोटिक हेल्पलाइन 1933 पर देने की अपील की गई। सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने लोगों से अपने आसपास रहने वाले बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने, नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की अपील की।





Users Today : 2
Users Yesterday : 100
Users Last 7 days : 820