सेवा, सुशासन और विकास के संदेश के साथ निकली सेवा ज्योति यात्रा, विकसित भारत का लिया संकल्प
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बीडी पांडेय पीजी कॉलेज, बागेश्वर में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना। संबोधन के उपरांत प्रभारी मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत@2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही देश की सेवा है और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भरता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इससे पहले पीडब्ल्यूडी तिराहे से बीडी पांडेय पीजी कॉलेज तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। मशाल के साथ निकली यात्रा में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





Users Today : 2
Users Yesterday : 100
Users Last 7 days : 820