10 शिकायतें पहुंचीं जनसुनवाई में, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश; स्कूलों में शिक्षकों की कमी पर मांगी रिपोर्ट
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं। जनसुनवाई में कुल 10 शिकायतें एवं प्रकरण दर्ज किए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पर मांगी विद्यालयवार रिपोर्ट
शिक्षा विभाग से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जनपद के विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों की विद्यालयवार एवं विकासखंडवार सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।
जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा निरीक्षण के दौरान शिक्षक-विद्यार्थी उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों पर 100 प्रतिशत फीडबैक के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से 100 प्रतिशत कॉलिंग कर निस्तारण एवं की गई कार्रवाई का फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने ‘हैलो बागेश्वर’ के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की और लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित जिला स्तरीय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





Users Today : 3
Users Yesterday : 135
Users Last 7 days : 669