बागेश्वर में 2.162 किलो चरस के साथ 62 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, कपकोट में SOG की कार्रवाई
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने 2.162 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कपकोट थाना क्षेत्र के गोलना स्थित महादेव पुलिया के पास चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एसओजी टीम ने पदम सिंह टाकुली (62 वर्ष) पुत्र शेर सिंह, निवासी बैछम, थाना कपकोट को चेक किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2.162 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाना कपकोट में मुकदमा अपराध संख्या 63/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ ही नशा तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन खान, उपनिरीक्षक जीवन सामन्त, कांस्टेबल कुलदीप वर्मा, संतोष सिंह, रमेश सिंह, भुवन बोरा और चालक कांस्टेबल विजय कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।





Users Today : 9
Users Yesterday : 106
Users Last 7 days : 836