बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। जनपद में 26 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर अत्यन्त भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 26 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचने तथा नदी-नालों, गधेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग और साहसिक गतिविधियों से बचने तथा मौसम प्रतिकूल होने पर पर्यटकों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने की अनुमति न देने के निर्देश दिए हैं। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और विद्युत पोल से दूर सुरक्षित भवन में रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने सड़क मार्गों पर जेसीबी और आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बाधित मार्गों को तत्काल खोलने तथा राजस्व, पुलिस और संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने और आपदा या दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने को कहा गया है।
नगर क्षेत्रों में नालियों और कलवर्टों से अवरोध हटाने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।





Users Today : 12
Users Yesterday : 107
Users Last 7 days : 722