बिलौरी में सेवा संकल्प अभियान का बहुउद्देशीय शिविर, 290 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को प्राथमिक विद्यालय बिलौरी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक पार्वती दास की मौजूदगी में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। शिविर में सात जनसमस्याएं दर्ज की गईं, जबकि करीब 290 लोगों ने सहभागिता कर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, बाल विकास, आपूर्ति, आधार और ई-डिस्ट्रिक्ट सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विधायक पार्वती दास ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

अभियान के तहत कपकोट और गरुड़ नगर पंचायत क्षेत्रों में नालियों, नालों, जल स्रोतों एवं घाटों की सफाई और कचरा संग्रहण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। सहकारिता विभाग ने एमपैक्स के माध्यम से मिलट मिशन योजना के तहत मडुआ और झंगोरा जैसे स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार की जानकारी दी। स्वजल विभाग ने विद्यालय परिसरों में सफाई अभियान चलाया।
वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कंधार में स्वास्थ्य शिविर, देवलचौरा-अनर्सा में बाल विकास विभाग का आंगन का मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया।

अभियान के तहत आगामी बहुउद्देशीय शिविर 28 सितंबर को करालापालड़ी, 1 अक्टूबर को बोरबलड़ा, 8 अक्टूबर को कन्यालीकोट, 13 अक्टूबर को सूपी, 15 अक्टूबर को सलानी और 17 अक्टूबर को गागरीगोल में आयोजित किए जाएंगे।
शिविर में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, सेवायोजन अधिकारी प्रवीण गोस्वामी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रेखा गोस्वामी, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





Users Today : 12
Users Yesterday : 107
Users Last 7 days : 722