निजी वाहनों पर ‘फर्जी हनक’ दिखाने वालों पर बागेश्वर पुलिस की कार्रवाई, 426 वाहन चेक; 60 के चालान
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। निजी वाहनों पर अनावश्यक नाम, पदनाम एवं सरकारी पहचान दर्शाने वाली पट्टिकाएं लगाकर सड़क पर प्रभाव दिखाने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। माननीय उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल के निर्देशों एवं पुलिस मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना, चौकी और यातायात पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।
अभियान के तहत थाना क्षेत्रों के साथ ही अंतरजनपदीय बैरियरों पर वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस टीमों ने निजी वाहनों पर लगी नाम, पदनाम एवं अन्य पहचान संबंधी पट्टिकाओं और चिन्हों की जांच की। इस दौरान कुल 426 वाहनों को चेक किया गया।

चेकिंग के दौरान कई निजी वाहनों पर अनावश्यक एवं अनधिकृत पट्टिकाएं तथा अन्य प्रभाव दर्शाने वाले चिन्ह पाए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 60 वाहन चालकों के विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। वहीं 16 निजी वाहनों से अवैध पदनाम पट्टिकाएं मौके पर ही हटवाई गईं और संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने वाहन स्वामियों को समझाया कि निजी वाहनों पर किसी पद, प्रतिष्ठा अथवा प्रभाव का प्रदर्शन करने वाली अनधिकृत पट्टिकाएं न लगाएं। सड़क पर प्रत्येक वाहन चालक यातायात नियमों के समान दायरे में आता है और नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया कि निजी वाहन पर अनावश्यक नाम या पदनाम प्रदर्शित कर विशेष अधिकार अथवा प्रभाव का संकेत देने की प्रवृत्ति को स्वीकार नहीं किया जाएगा। यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





Users Today : 2
Users Yesterday : 66
Users Last 7 days : 558