नवरात्रि, रामलीला और दशहरे पर जाम से निपटने को बागेश्वर पुलिस अलर्ट, टैक्सी चालकों को दिए सख्त निर्देश
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। आगामी नवरात्रि, रामलीला मंचन और दशहरा उत्सव को देखते हुए बागेश्वर पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की तैयारी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं और आमजन को जाम की समस्या से बचाने के लिए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार मेहरा (IPS) के निर्देश पर 12 अक्टूबर 2026 को नगर क्षेत्र के विभिन्न टैक्सी स्टैंडों पर यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।
प्रभारी यातायात निरीक्षक अय्यूब अली के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस ने चालकों से अपील की कि व्यस्त समय में अनावश्यक रूप से शहर में वाहन न लाएं, जिससे बाजारों और रामलीला मैदानों के आसपास जाम की स्थिति न बने। साथ ही, वाहनों को केवल निर्धारित टैक्सी स्टैंड और चिह्नित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने के निर्देश दिए गए। सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसमें ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने और जेल भेजने की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
बागेश्वर पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से त्योहारों के दौरान यातायात नियमों का पालन करने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील की, ताकि पर्वों के दौरान आवागमन सुरक्षित और सुगम बना रहे।





Users Today : 3
Users Yesterday : 96
Users Last 7 days : 453