बाल विज्ञान महोत्सव में बागेश्वर पुलिस की पहल, साइबर ठगी से बचाव और महिला सुरक्षा के लिए लगाया जागरूकता स्टॉल
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। मंडलसेरा स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित पंचम सीमान्त पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव-2026 के शुभारंभ अवसर पर बागेश्वर पुलिस ने विशेष जागरूकता स्टॉल लगाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम लोगों को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में 9 अक्टूबर 2026 को साइबर सेल और महिला हेल्पलाइन की टीम ने स्टॉल के माध्यम से विभिन्न सीमांत जनपदों से आए बाल वैज्ञानिकों और अन्य प्रतिभागियों को ऑनलाइन अपराधों से बचाव के तरीके बताए।

डिजिटल ठगी से बचने के बताए तरीके
साइबर सुरक्षा अभियान 2.0 और साइबर जागरूकता माह के तहत लोगों को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लॉटरी संदेश और यूपीआई फ्रॉड के प्रति सतर्क किया गया। पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
गौरा शक्ति ऐप से महिला सुरक्षा का संदेश
महिला हेल्पलाइन टीम ने छात्राओं, महिला शिक्षिकाओं और स्थानीय महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही स्मार्टफोन में उत्तराखंड पुलिस का गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड करवाकर आपातकालीन SOS पैनिक बटन के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन 1090 और राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 112 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा पर भी जागरूकता
पुलिस टीम ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। अवैध मादक पदार्थों की सूचना देने के लिए मानस पोर्टल हेल्पलाइन 1933 की जानकारी दी गई। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं, साइबर अपराध और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम को लेकर जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।
बागेश्वर पुलिस ने युवाओं और आमजन से डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा नशामुक्त और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।





Users Today : 11
Users Yesterday : 37
Users Last 7 days : 481