‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कपकोट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अल्टो कार से 144 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
REPORT- VAISHNAVI
पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक, तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार सीज; अज्ञात आरोपी की तलाश जारी
बागेश्वर, 03 सितंबर 2026। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देशों पर जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कपकोट पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार से 144 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किए। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को प्रभावी चेकिंग एवं कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 02 सितंबर 2026 की रात्रि थाना कपकोट पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान थाना कपकोट से करीब 03 किलोमीटर उत्तर दिशा में पालीडुंगरा के पास पुलिस टीम ने एक संदिग्ध अल्टो कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस टीम द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर अल्टो कार संख्या UK06AU8327 के अंदर तीन गत्ते की पेटियों में छिपाकर ले जाई जा रही कुल 144 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
इस संबंध में थाना कपकोट में FIR संख्या 57/2026, धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। साथ ही अवैध शराब की तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को सीज कर दिया गया है।
पुलिस टीम द्वारा फरार अज्ञात अभियुक्त की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





Users Today : 20
Users Yesterday : 101
Users Last 7 days : 3497