आपदा प्रबंधन दिवस पर बागेश्वर में बड़ी मॉक ड्रिल, 9 स्थानों पर परखी गई राहत-बचाव की तैयारियां
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की स्मृति में आयोजित प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद बागेश्वर में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिले के नौ स्थानों पर विभिन्न आपदाओं की काल्पनिक परिस्थितियां तैयार कर राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं, संसाधनों की उपलब्धता और विभागीय समन्वय की परीक्षा ली गई।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, अतिवृष्टि, बादल फटना, भूस्खलन, जलभराव, अग्निकांड, आकाशीय बिजली गिरने और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी आपात स्थितियों का अभ्यास किया गया। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया टीमें (QRT) घटनास्थलों पर पहुंचीं और रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई का अभ्यास किया।
अभ्यास के तहत बिलोना रोडवेज बस अड्डे पर सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने एवं जलभराव, जिम कॉर्बेट स्कूल में अग्निकांड और जिला अस्पताल में भूस्खलन की स्थिति बनाई गई। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज असों में मानव-वन्यजीव संघर्ष तथा कपकोट स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बादल फटने एवं अग्निकांड का परिदृश्य तैयार किया गया।

इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय वज्यूला में भूकंप, ग्राम मवई (गरुड़) में भूकंप एवं भू-धंसाव, राजकीय इंटर कॉलेज कांडा में अतिवृष्टि एवं आकाशीय बिजली तथा तहसील कार्यालय वनलेख, दुगनाकुरी में भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में राहत-बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।
अभ्यास के दौरान अपर जिलाधिकारी एवं इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (IRS) से जुड़े अधिकारियों ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से सभी घटनास्थलों की निगरानी की। घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी परखी गई।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के बेहतर उपयोग, विभागीय समन्वय और जनसुरक्षा की तैयारियों को मजबूत करना रहा।





Users Today : 7
Users Yesterday : 37
Users Last 7 days : 260