स्वच्छ बागेश्वर की मुहिम तेज: विकास भवन क्षेत्र में चला विशेष सफाई अभियान, जनसहभागिता पर दिया जोर
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। जनपद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत विकास भवन क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान संचालित किया गया। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों पर बाल विकास विभाग के नेतृत्व में आयोजित अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस दौरान क्षेत्र में साफ-सफाई करने के साथ एकत्रित कूड़े का उचित निस्तारण भी किया गया।
अभियान के दौरान मनोनीत सभासद ज्योति दीप नारायण एवं नयन सिंह खेतवाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ आमजन की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि घरों का कूड़ा खुले में न फेंकें और नगर पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहनों के माध्यम से ही उसका निस्तारण करें।

इस अवसर पर नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उपयोग कम करने तथा कपड़े और जूट के थैलों को अपनाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, नालियों, जलस्रोतों और रास्तों पर कूड़ा न डालने तथा खुले में कचरा न जलाने की अपील की गई।
अभियान के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली में अपनाकर ही स्वच्छ एवं सुंदर बागेश्वर का निर्माण संभव है।
इस दौरान प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी बसु पांडे, षष्ठी कांडपाल, सोनी सहित विभिन्न विभागों एवं नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।





Users Today : 7
Users Yesterday : 37
Users Last 7 days : 260