कनगढ़ में नन्हे बच्चों से संवाद, बोहाला इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा की पाठशाला; बागेश्वर पुलिस ने स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। छात्र-छात्राओं को अपराधों और डिजिटल खतरों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस का स्कूल सुरक्षा एवं जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में 21 सितंबर 2026 को पुलिस टीमों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय कनगढ़ और राजकीय इंटर कॉलेज बोहाला पहुंचकर बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कनगढ़ में बच्चों से आत्मीय संवाद
राजकीय प्राथमिक विद्यालय कनगढ़ में पुलिस टीम ने प्रधानाचार्य, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी। बच्चों से पढ़ाई और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी लेते हुए उन्हें गुड टच-बैड टच के बारे में सरल भाषा में समझाया गया।
पुलिस ने बच्चों को अनजान लोगों से सतर्क रहने, किसी असहज स्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।

बोहाला इंटर कॉलेज में साइबर सुरक्षा की पाठशाला
राजकीय इंटर कॉलेज बोहाला में छात्र-छात्राओं और आमजन को बढ़ते साइबर अपराधों एवं डिजिटल अरेस्ट जैसी ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने सुरक्षित इंटरनेट बैंकिंग और जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण सावधानियां बताईं।
कार्यशाला में OTP, बैंक खाता विवरण, UPI PIN और ATM पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

महिला सुरक्षा और नशे के खिलाफ भी जागरूकता
कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं अभिभावकों को महिला एवं बाल अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। छात्राओं और शिक्षिकाओं को गौरा शक्ति ऐप की उपयोगिता समझाते हुए महिला हेल्पलाइन 1090 और राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 112 की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही ‘नशा मुक्त उत्तराखण्ड’ अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और नशा तस्करी से संबंधित सूचना 1933 पर देने की अपील की गई।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने बागेश्वर पुलिस की इस जागरूकता पहल की सराहना की। पुलिस ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और उन्हें अपराध एवं साइबर खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।





Users Today : 3
Users Yesterday : 135
Users Last 7 days : 669