कपकोट में स्कूल और उप डाकघर की फायर सेफ्टी परख; अकार्यशील अग्निशामक मिलने पर नोटिस, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
Report- Vaishnavi
कपकोट। सार्वजनिक एवं शैक्षणिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कपकोट फायर सर्विस की ओर से 21 सितंबर 2026 को सघन फायर रिस्क निरीक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट और उप डाकघर कपकोट का औचक निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
स्कूल में मिले अकार्यशील फायर एक्सटिंग्विशर
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट के निरीक्षण में परिसर में दो ABC टाइप फायर एक्सटिंग्विशर लगे मिले, लेकिन जांच के दौरान दोनों अकार्यशील पाए गए। फायर सर्विस टीम ने स्कूल प्रबंधन को इन्हें तत्काल रिफिल एवं चार्ज कराने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विद्यालय की रसोई, पुस्तकालय और मुख्य प्रशासनिक कार्यालय में CO₂ टाइप फायर एक्सटिंग्विशर लगाने तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए अलग आपातकालीन निकास द्वार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उप डाकघर में भी सुरक्षा मानकों को लेकर निर्देश
उप डाकघर कपकोट के निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार को लेकर प्रबंधन को निर्देशित किया गया। फायर सर्विस टीम ने परिसर में मानक के अनुरूप फायर एक्सटिंग्विशर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए।
कर्मचारियों को बताए आग से बचाव के जरूरी उपाय
फायर सर्विस टीम ने दोनों संस्थानों के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के तरीके बताए। निकासी मार्गों को हमेशा अवरोधमुक्त रखने, शॉर्ट-सर्किट से बचाव के लिए विद्युत उपकरणों और वायरिंग की नियमित तकनीकी जांच कराने तथा अग्निशमन उपकरणों को हमेशा चालू स्थिति में रखने की हिदायत दी गई।

प्रभारी स्टेशन इंचार्ज लक्ष्मण सिंह सामंत ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संस्थानों का भविष्य में पुनः री-वेरिफिकेशन किया जाएगा और नियमों का पालन नहीं मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल फायर स्टेशन अथवा डायल 112 पर सूचना देने की अपील की गई।





Users Today : 3
Users Yesterday : 135
Users Last 7 days : 669