सेवा संकल्प अभियान में स्वास्थ्य से संस्कृति तक दिखी जनभागीदारी, जिलेभर में हुए विविध कार्यक्रम
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद में स्वास्थ्य, बाल विकास, सहकारिता, स्वच्छता एवं संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण, कृषि एवं सहकारिता योजनाओं के साथ ही स्थानीय लोक संस्कृति और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
गरुड़ विकासखंड के पीएचसी दयोनाई में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

बाल विकास परियोजना बागेश्वर के आंगनबाड़ी केंद्र मजियाखेत में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें विधायक बागेश्वर पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या और जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास डॉ. मंजुलता यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़ी जानकारी दी गई।
सहकारिता विभाग ने घिंघारतोला की सहकारी समितियों में किसानों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
सूचना विभाग के दलों ने विभिन्न क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। शिक्षण संस्थानों में निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

वहीं, शहरी विकास विभाग की ओर से विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता गतिविधियां जारी रहीं। सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।





Users Today : 12
Users Yesterday : 107
Users Last 7 days : 722