केपीबी इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों को सिखाए आग से बचाव के गुर, फायर स्टेशन में हुआ लाइव डेमो
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों और अग्नि दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस एवं फायर सर्विस की ओर से जागरूकता अभियान जारी है। इसी क्रम में 24 सितंबर 2026 को फायर स्टेशन बागेश्वर परिसर में केपीबी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए एक दिवसीय अग्नि सुरक्षा एवं रोकथाम कार्यशाला आयोजित की गई।
फायर स्टेशन इंचार्ज त्रिलोक राम के नेतृत्व में प्रशिक्षु अग्निशमन द्वितीय अधिकारी सचिन सेमवाल ने फायर सर्विस टीम के साथ बच्चों एवं शिक्षकों को वनाग्नि, घरेलू और व्यावसायिक आग से बचाव की जानकारी दी। इस दौरान आग की विभिन्न श्रेणियों और उन्हें नियंत्रित करने के वैज्ञानिक तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यशाला में Class A में लकड़ी, कागज, घास-फूस जैसे ठोस पदार्थों, Class B में पेट्रोल-डीजल जैसे ज्वलनशील तरल पदार्थों, Class C में LPG एवं अन्य गैसों तथा Class D में धातुओं से संबंधित आग के बारे में जानकारी दी गई।

प्रशिक्षु अग्निशमन द्वितीय अधिकारी एवं फायर कर्मियों ने आधुनिक फायर एक्सटिंग्विशर के संचालन का लाइव डेमो दिया। गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में सुरक्षित तरीके से आग पर नियंत्रण पाने के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। वरिष्ठ छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का अभ्यास कराया गया, जिससे आपात स्थिति में प्राथमिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बच्चों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने की Evacuation तकनीक एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। फायर सर्विस टीम ने अपील की कि आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल फायर सर्विस बागेश्वर के 05963-220101 अथवा राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 112 पर दें।





Users Today : 2
Users Yesterday : 66
Users Last 7 days : 558