गरुड़ में आधुनिक जिम उपकरणों का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगी बेहतर फिटनेस और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद
गरुड़, बागेश्वर।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के व्यायामशाला केंद्र, गरुड़ में आधुनिक जिम उपकरणों (सेट मशीन) का शुभारंभ राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। युवाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि आधुनिक व्यायाम उपकरणों की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को अब बेहतर प्रशिक्षण की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी। इससे खेल प्रतियोगिताओं, सेना, पुलिस तथा अन्य शारीरिक दक्षता आधारित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक व्यायामशालाएं और खेल सुविधाएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल क्षेत्र में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी और “फिट उत्तराखंड” के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, सभासद प्रदीप गुरुरानी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रवि कोहली, हरीश रावत, घनश्याम जोशी, डी. के. जोशी, ब्लॉक कमांडर राजेंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक जिम उपकरणों की उपलब्धता से युवाओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण व्यायाम और फिटनेस प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे नशामुक्त एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम का समापन “स्वस्थ युवा – सशक्त उत्तराखंड” के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने आशा व्यक्त की कि यह व्यायामशाला क्षेत्र के युवाओं के लिए स्वास्थ्य, फिटनेस और बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगी।





Users Today : 3
Users Yesterday : 352
Users Last 7 days : 623