जनसुनवाई में 20 शिकायतें प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश
REPORT- VAISHNAVI
बागेश्वर, 24 अगस्त 2026। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, जंगली जानवरों के आतंक, पेंशन सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में बिजली के बढ़े हुए बिल की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीओ यूपीसीएल को आज ही बिल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं, पीएमजीएसवाई को बोरब्लड़ा मोटर मार्ग को एक सप्ताह के भीतर सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सीएमओ को बोरब्लड़ा में एएनएम की ड्यूटी निर्धारित करने तथा सीएचओ की तैनाती के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को नालियों की सफाई कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं ‘हेलो बागेश्वर’ पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। सीएम हेल्पलाइन पर 36 दिन से अधिक समय से लंबित यूपीसीएल की तीन शिकायतों पर उन्होंने अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को संबंधित शिकायतकर्ताओं से आज ही वार्ता कर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी, अनिल चन्याल सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





Users Today : 22
Users Yesterday : 38
Users Last 7 days : 108