छात्रसंघ चुनाव से लेकर साइबर अपराध तक, बागेश्वर पुलिस की तैयारियों की समीक्षा; लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। आगामी छात्रसंघ चुनाव, कानून-व्यवस्था, नशे के खिलाफ कार्रवाई और स्मार्ट पुलिसिंग को लेकर पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा ने 23 सितंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लिंगदोह कमेटी के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराने को कहा गया। कानून-व्यवस्था से जुड़े दैनिक कार्यों पर भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नशे के अवैध कारोबार और ड्रग्स तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ डायल 112 पर मिलने वाली नशे से संबंधित सूचनाओं पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने को कहा गया। एनडीपीएस मामलों में आरोपियों की जमानत निरस्तीकरण के लिए प्रभावी पैरवी के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य मार्गों, चौराहों और स्कूल-कॉलेजों के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-बीट बुक, ‘इसाक्ष्य’ ऐप और ऑनलाइन एफआईआर जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
थानों में लंबित विवेचनाओं को 60 से 90 दिनों के भीतर पूरा करने, माल मुकदमाती व लावारिस वाहनों के निस्तारण तथा महिला एवं बाल अपराधों की साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश दिए गए। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर सेल को नियमित समीक्षा करने और MRM व GRM पोर्टल के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।
स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता गोष्ठियां आयोजित कर साइबर ठगी, नशे और अपराधों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने को कहा गया। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को नियमित भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। जनपद में गठित विवेचना सेल थाना प्रभारियों के साथ समन्वय कर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाएगा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





Users Today : 2
Users Yesterday : 66
Users Last 7 days : 558